रायपुरिया (झाबुआ)। रायपुरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव अमलवानी में शुक्रवार रात लगभग 10 बजे एक मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय घर में एक बुजुर्ग और उसकी पोती सो रही थी।
घर से आग की लपटें उठती देख ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला, वहीं बच्ची को भी समय रहते बचा लिया गया। घर के अन्य सदस्य उस समय किसी काम से बाहर गए हुए थे।

मानसिंह भाबोर, जो गांव के चौकीदार हैं, उन्होंने बताया कि कैलाश पिता हुड़िया चारेल के मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग में घर के अंदर रखा खाने-पीने का सामान, नगदी रुपए और चांदी के जेवर भी जल गए। चांदी की रकम तक पिघल गई। बकरी बकरा और एक गाय गंभीर रूप से झुलस गई।

सूचना मिलते ही रायपुरिया थाना मोबाइल और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
फायर ब्रिगेड नहीं, आग पर काबू मुश्किल
रायपुरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत लगभग 115 गांव आते हैं, लेकिन यहां स्थायी फायर ब्रिगेड की कोई व्यवस्था नहीं है। आग लगने की स्थिति में पेटलावद से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ती है, जिससे घटनास्थल तक पहुंचने में देरी होती है और तब तक काफी नुकसान हो जाता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रायपुरिया थाना क्षेत्र में स्थायी फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की जाए, जिससे ऐसी घटनाओं में जन-धन की हानि रोकी जा सके।






