झाबुआ। जिले में अवैध रेत माफिया की बढ़ती गतिविधियों के खिलाफ जयस ने झाबुआ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जयस के जिलाध्यक्ष का आरोप है कि अलीराजपुर से झाबुआ होकर थांदला, मेघनगर, पेटलावद, और कल्याणपुरा तक रेत के डंपर बिना रॉयल्टी के परिवहन कर रहे हैं। ये डंपर नियमों का उल्लंघन करते हुए अधिक मात्रा में रेत भरते हैं, जिससे न केवल सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है बल्कि सरकारी राजस्व का भी भारी नुकसान हो रहा है।
झाबुआ अवैध रेत परिवहन,नियमों का उल्लंघन, सड़कों को हो रहा नुकसान
आवेदन के अनुसार, रेत माफिया द्वारा डंपरों में आरटीओ द्वारा पास की गई सीमा 35 टन के मुकाबले 65 से 70 टन तक रेत भरकर ले जाई जा रही है। यह अतिरिक्त भार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बने ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को नुकसान पहुंचा रहा है, जिससे इन सड़कों की स्थिति खराब होती जा रही है। अवैध रेत परिवहन से सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है, और इसे रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल
अवैध गतिविधियों की शिकायतें खनिज विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों को दी गई हैं, लेकिन किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि रेत माफिया के पास अधिकारियों का संरक्षण है, जिसके चलते इनकी गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। माफिया द्वारा दावा किया जा रहा है कि खनिज अधिकारियों को मासिक रिश्वत दी जाती है, इसलिए उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती।
रात में सक्रिय अवैध डंपर
ज्ञापन में यह भी बताया गया है कि प्रतिदिन रात 11 बजे से सुबह 6 बजे के बीच 40 से 45 अवैध डंपर रेत लेकर निकलते हैं। इसके बावजूद प्रशासन की तरफ से कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन की इस निष्क्रियता के चलते रेत माफिया की दादागीरी बढ़ती जा रही है।

कलेक्टर से कार्रवाई की मांग
प्रशासन की निष्क्रियता से निराश जयस ने कलेक्टर महोदय से अनुरोध किया है कि अवैध रेत माफिया पर कानूनी कार्रवाई की जाए और सरकारी राजस्व तथा सड़कों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। ज्ञापन देने में जयस के जिला अध्यक्ष विजय डामोर ओर राहुल मुनिया प्रकाश डामोर अजित सिंगाड़ राजू वसुनिया विजय देवदा राकेश डामोर राज डामोर ने मिलकर दिया
वीडियो खबर देखने के लिए हमारे चैनल को सबस्क्राइब करें । और अधिक खबरों के लिए पढ़ते रहिए WWW.jhabuapost.com । लोकल भी ग्लोबल भी








