राजगढ़ (धार)। इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर राजगढ़ के पास सोलंकी ढाबे के समीप एक चार्टर्ड बस में अचानक आग लग गई। बस झाबुआ से इंदौर जा रही थी और उसमें करीब 21 यात्री सवार थे, जिन्हें बस में आग लगने से पहले ही सुरक्षित उतार लिया गया।
ड्राइवर उमेश डामोर के अनुसार, चार्टर्ड बस (एमपी 09 एफए 9071) जब राजगढ़ के पास पहुंची, तो उसमें जलने की गंध आने लगी। जांच करने पर इंजन के पास आग दिखाई दी। चालक और परिचालक ने तत्काल सभी यात्रियों को बस से उतार दिया और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई और बस धू-धूकर जलने लगी।
यातायात प्रभावित, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू
बस में लगी भीषण आग के कारण फोरलेन पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार देखा गया। इस घटना से सड़क किनारे ढाबों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही राजगढ़ नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ ही देर में सरदारपुर नगर परिषद की फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई, जिसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

पुलिस ने यातायात सुचारू करवाया और राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सभी यात्रियों का सामान भी सुरक्षित निकाल लिया गया।





