झाबुआ (Jhabua Post): जिले में साइबर ठगों ने धोखाधड़ी का एक नया और चौंकाने वाला तरीका निकाल लिया है। अब ये ठग आम जनता को नहीं, बल्कि सीधे गांव के सरपंचों और पंचायत कर्मचारियों को अपना निशाना बना रहे हैं। जिले में एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक अज्ञात व्यक्ति खुद को ‘जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO)’ बताकर फोन कर रहा है और लोगों को भ्रमित कर रहा है।
इस गंभीर मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है और जिलेभर की पंचायतों के लिए एक विशेष एडवाइजरी जारी की गई है।
मेघनगर के चोखवाड़ा पंचायत में सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार, फर्जी कॉल का यह ताजा मामला जनपद पंचायत मेघनगर की ग्राम पंचायत चोखवाड़ा से सामने आया है। यहां के सरपंच और ग्राम रोजगार सहायक को एक अज्ञात मोबाइल नंबर (7388063896) से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने बड़े ही रौब से खुद को झाबुआ जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बताया और पंचायत प्रतिनिधियों से बातचीत कर भ्रामक जानकारी देने और हासिल करने का प्रयास किया।

जिला पंचायत CEO ने किया स्पष्ट: फोन पर नहीं मांगते जानकारी
इस तरह की शिकायतें मिलने के बाद असली जिला पंचायत CEO ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए सख्त एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि कोई भी शासकीय अधिकारी या वरिष्ठ अधिकारी कभी भी फोन पर वित्तीय जानकारी, बैंक खाते की डिटेल, OTP, पासवर्ड या व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगता है। ऐसे किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या निर्देश पर बिल्कुल भी विश्वास न करें।
साइबर ठग कई तरह के हथकंडे अपनाते हैं , कभी बैंक मैनेजर के नाम पर , कभी आधार तो कभी एटीम के नाम पर , लेकिन झाबुआ में जिला पंचायत सीईओ के नाम पर फर्जी कॉल का मामला सामने आया है । ऐसे में सभी को सर्तक और सावधान रहने की जरूरत है । साइबर क्राइम को लेकर पुलिस भी समय-समय पर एडवाइजरी जारी करती है । जिनका पालन करना इस दौर में काफी जरूरी हो गया है ।
प्रशासन की अपील: फर्जी कॉल आए तो पुलिस को बताएं
प्रशासन ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, शासकीय कर्मचारियों और आम नागरिकों से विशेष अपील की है। अगर भविष्य में किसी भी व्यक्ति को अधिकारियों के नाम से ऐसे फर्जी कॉल प्राप्त होते हैं, तो वे डरें नहीं, बल्कि तत्काल इसकी सूचना:
- संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय को दें।
- जिला पंचायत कार्यालय में संपर्क करें।
- या अपने नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
प्रशासन ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है और उक्त मोबाइल नंबर की जांच व आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही जिले की सभी ग्राम पंचायतों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि वे ऐसे साइबर ठगों से पूरी तरह सावधान रहें।
ताजा और त्वरित अपडेट्स के लिए ‘झाबुआ पोस्ट’ (Jhabua Post) से जुड़ें:
📲 WhatsApp चैनल: यहाँ क्लिक कर फॉलो करें
📘 Facebook पेज: यहाँ क्लिक कर लाइक करें
▶️ YouTube चैनल: यहाँ क्लिक कर सब्सक्राइब करें
🚨 आपके आस-पास भी है कोई साइबर ठगी, खबर या सूचना?
हमें सीधे WhatsApp पर भेजें: 👉 9407154083 पर मैसेज करने के लिए यहाँ क्लिक करें














