झाबुआ (Jhabua News): मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। जिले के कालापीपल हाईस्कूल (Kalapipal High School) में पदस्थ प्राचार्य पर स्कूल की ही छात्राओं ने छेड़खानी (Molestation) के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला तूल पकड़ने के बाद झाबुआ कोतवाली पुलिस ने आरोपी प्राचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, घटनाक्रम करीब तीन दिन पुराना है। छात्राओं द्वारा प्राचार्य पर गलत हरकत करने के आरोप लगाए गए थे। इसको लेकर पिछले दो दिनों से गांव में बातचीत का दौर चल रहा था। मामले को सुलझाने के लिए मंगलवार को गांव के वरिष्ठजनों और ग्रामीणों की एक बैठक भी हुई, लेकिन वह बेनतीजा रही।
जब समाजिक स्तर पर कोई हल नहीं निकला, तो बुधवार को पीड़ित छात्रा ने अपने परिजनों के साथ झाबुआ कोतवाली (Jhabua Kotwali) पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्रा की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया और आरोपी प्राचार्य को हिरासत में ले लिया है।

प्राचार्य की सफाई: ‘अनुशासन का दंड मिल रहा है’
एक तरफ जहां छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं दूसरी ओर आरोपी प्राचार्य ने खुद को निर्दोष बताया है। प्राचार्य का कहना है कि उन्होंने स्कूल में अनुशासन (Discipline) बनाए रखने के लिए सख्ती की थी। इसी सख्ती से नाराज होकर उन्हें स्कूल से हटाने के लिए यह पूरा षड्यंत्र (Conspiracy) रचा गया है।
अधिकारियों ने साधी चुप्पी
इस संवेदनशील मामले में जब मीडिया ने झाबुआ एसडीओपी (SDOP) रूपरेखा से आधिकारिक जानकारी लेनी चाही, तो उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का हवाला देते हुए कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। हालांकि, पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है।









