Jhabua Post - हेडर

झाबुआ: महिला और बुजुर्ग से मारपीट मामले में व्यापारी पिता-पुत्र पर FIR दर्ज

झाबुआ (Jhabua):

शहर की  विवेकानंद कॉलोनी में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ साइकिल चलाने जैसी मामूली बात पर एक रसूखदार व्यापारी और उसके बेटे ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला और बुजुर्ग के साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि महिला को घर के आंगन से खींचकर सड़क पर पीटा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

1770822149888467567515546248084

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित 33 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना की शुरुआत 21 जनवरी को हुई थी। उनका बेटा मोहल्ले में साइकिल चला रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले लड़के  ने बच्चे को रोका, गालियां दीं और उसकी साइकिल उठाकर फेंक दी।

जब महिला ने इस हरकत का विरोध किया, तो आरोपी आराध्य ने धमकी देते हुए कहा, “आज तो सिर्फ गालियां दे रहा हूँ, कल इसे मारूंगा भी।”

घर के आंगन से खींचकर की मारपीट

पीड़ित परिवार का आरोप है विरोध करने पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी आराध्य माहेश्वरी ने महिला का हाथ पकड़ा और उसे घर के आंगन से घसीटते हुए सड़क पर ले आया। वहां उसने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी का पिता सतीश माहेश्वरी भी वहां आ गया और उसने भी बेटे के साथ मिलकर महिला को पीटना शुरू कर दिया।

बचाने आए 73 वर्षीय बुजुर्ग को भी नहीं बख्शा

महिला के साथ हो रही मारपीट को देख उनके 73 वर्षीय रिश्तेदार बीच-बचाव करने पहुंचे। लेकिन आरोपियों ने बुजुर्ग का भी लिहाज नहीं किया और उनके साथ भी जमकर गाली-गलौज और झूमाझटकी की। इस हमले में महिला और बुजुर्ग दोनों को चोटें आई हैं।

मंगलवार को फिर दीं गालियां, फिर दर्ज हुई FIR

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने पहले इस मामले में केवल अदम चेक (NC) काटी थी। लेकिन मंगलवार सुबह आरोपियों ने पीड़ित परिवार के साथ दोबारा गाली-गलौज की। इसके बाद पीड़ित महिला अपने पति के साथ कोतवाली पहुंची। पुलिस ने दोनों पीड़ितों का मेडिकल (MLC) करवाया और मामले की गंभीरता को देखते हुए पिता पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की!