झाबुआ/पेटलावद: झाबुआ जिले में अवैध शराब की तस्करी कोई नई बात नहीं है। ऐसा ही एक मामला बदनावर-भैसोला मार्ग से सामने आया है, जहां पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने नाकेबंदी तोड़कर भाग रहे एक पिकअप वाहन का शासकीय गाड़ी से पीछा किया और फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर 1.50 लाख रुपये की शराब पकड़ी ।
इस पूरी कार्रवाई की सबसे चिंताजनक बात यह है कि तस्करी के इस खेल में ग्रामीण युवा तेजी से शामिल हो रहे हैं। पकड़े गए दोनों आरोपियों की उम्र महज 19 और 26 साल है।

बरवेट चौराहे पर वाहन रोकने के बजाय चालक ने दबाया एक्सीलेटर
घटना शुक्रवार, 29 मई की है। पेटलावद पुलिस को मुखबिर से खबर मिली थी कि बदनावर की तरफ से एक पिकअप गाड़ी अवैध शराब की बड़ी खेप लेकर पेटलावद क्षेत्र में घुसने वाली है। सूचना मिलते ही सारंगी चौकी पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई और बरवेट चौराहा सारंगी पर तत्काल सघन चेकिंग पॉइंट लगा दिया गया।
कुछ ही देर में एक पिकअप वाहन आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने जब टॉर्च और स्टॉपर के जरिए वाहन को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने पुलिस को देखकर गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी। तस्करों ने नाकेबंदी को चकमा देकर पेटलावद की ओर भागने का प्रयास किया।
चौकी के पास घेराबंदी कर थामी रफ्तार
जैसे ही पिकअप भागने लगी, सारंगी चौकी प्रभारी और उनकी टीम ने बिना एक पल गंवाए शासकीय वाहन स्टार्ट किया और तस्करों के पीछे लगा दिया। कुछ किलोमीटर तक चले इस पीछा-पीछी के खेल के बाद, पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए सारंगी चौकी के ठीक पास आगे-पीछे से घेराबंदी कर भाग रही पिकअप को चारों तरफ से ब्लॉक कर दिया और दोनों तस्करों को गाड़ी सहित दबोच लिया।
तिरपाल का ‘कवच’ और 50 पेटी ‘देशी मसाला’
जब पुलिस ने पकड़ी गई पिकअप (वाहन क्रमांक MP45G2994) के पिछले हिस्से की बारीकी से जांच की, तो ऊपर से मोटी तिरपाल बंधी हुई थी ताकि बाहर से देखने वाले को लगे कि इसमें कोई सामान्य माल लोड है। लेकिन जैसे ही पुलिस ने तिरपाल हटाई, अंदर शराब की पेटियां थी।
- जब्त शराब: गाड़ी के अंदर 50 पेटी अवैध देशी मसाला शराब भरी गई थी।
- मात्रा और कीमत: इन पेटियों से कुल 2500 क्वार्टर (450 बल्क लीटर) शराब बरामद हुई, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 1,50,000 रुपये है।
- लगेगा तगड़ा आर्थिक झटका: पुलिस ने शराब के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त 4 लाख रुपये कीमत की पिकअप गाड़ी को भी राजसात करने की प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है। कुल मश्रुका 5,50,000 रुपये का हो गया है।
चंद रुपयों के लालच में तस्कर बने तिखीपाड़ा के युवा
पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान संदीप पिता समसु चरपोटा (26 वर्ष) और जितेन्द्र पिता राजु गणावा (19 वर्ष) के रूप में हुई है। ये दोनों ही तिखीपाड़ा के रहने वाले हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
पेटलावद थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 249/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 36 के तहत संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है।
इस पूरी कार्रवाई को पेटलावद थाना प्रभारी निर्भयसिंह भूरिया और सारंगी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दीपक देवरे की टीम ने अंजाम दिया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि बदनावर के किस सप्लायर ने यह शराब गाड़ी में लोड करवाई थी और झाबुआ जिले में इसे किसे डिलीवर किया जाना था।
और अधिक खबरों के लिए पढ़ते रहिए Jhabua Post.Com,
आपके पास भी है कोई सूचना या जानकारी तो 9407154083 नंबर पर वाट्सएप करें।















