झाबुआ। जिले में आगामी जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार को कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कलेक्ट्रेट परिसर से ‘जनगणना प्रचार रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान आमजन को जनगणना के महत्व के प्रति जागरूक करने और डेटा संकलन में सहयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।

7 दिनों तक गांव-गांव गूँजेगा जनगणना का संदेश
कलेक्टर डॉ. भरसट ने बताया कि यह प्रचार रथ अगले सात दिनों तक झाबुआ जिले के विभिन्न नगरीय निकायों और ग्रामीण अंचलों का भ्रमण करेगा। रथ के माध्यम से लाउडस्पीकर और बैनर-पोस्टर द्वारा जनगणना संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य मकान सूचीकरण (House Listing) के दौरान नागरिकों को प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों को सही जानकारी देने के लिए प्रेरित करना है।

कल्याणपुरा में ग्रामीणों को दी गई जानकारी
अभियान के पहले ही दिन प्रचार रथ झाबुआ के ग्राम कल्याणपुरा पहुँचा। यहाँ ग्रामीणों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। टीम ने ग्रामीणों को समझाया कि जनगणना केवल एक गिनती नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं का आधार है। इसी के आधार पर भविष्य में जनकल्याणकारी नीतियों और बुनियादी ढांचे का खाका तैयार किया जाता है। ग्रामीणों ने भी इस राष्ट्रीय कार्य में पूर्ण सहयोग करने और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें: झाबुआ जिले की अन्य महत्वपूर्ण खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें – Jhabua Post
ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें:
यहाँ क्लिक कर जुड़ें – Jhabua Post WhatsApp Group
प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
कलेक्ट्रेट में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान संयुक्त कलेक्टर श्री विजय कुमार मंडलोई, एसडीएम झाबुआ श्री महेश मंडलोई, डिप्टी कलेक्टर श्री महेश बडोले और जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती रीतिका पाटीदार सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि जब प्रगणक आपके घर आएं, तो उन्हें सही और सटीक जानकारी प्रदान करें, ताकि जिले के विकास की सही रूपरेखा तैयार की जा सके।















Leave a Reply