Petlawad: झाबुआ जिले में खाद और बीज की एक-एक बोरी के लिए दर-दर भटक रहे किसानों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया है। मानसून की बेरुखी से पहले ही परेशान अन्नदाता को अब सिस्टम की नाकामी खून के आंसू रुला रही है। किसानों की इन्ही ज्वलंत समस्याओं और प्रशासन की तानाशाही के खिलाफ जिला किसान कांग्रेस ने पेटलावद विधानसभा में एक विशाल ‘किसान महा आंदोलन’ का शंखनाद कर दिया है। इस महा आंदोलन में क्षेत्र के हजारों किसानों ने अपनी पीड़ा को आवाज दी और सोई हुई सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर हुंकार भरी ।
Petlawad में दिग्गजों के नेतृत्व में सड़क पर उतरा किसानों का हुजूम
किसानों के हक की इस आर-पार की लड़ाई को धार देने के लिए कांग्रेस के कई दिग्गज नेता पेटलावद की सड़कों पर उतरे। इस महा आंदोलन में मुख्य अतिथि के रूप में आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया, किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान और थांदला के मुखर विधायक वीर सिंह भूरिया विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम की पूरी कमान और सफल संचालन जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष अकमल मालू डामोर ने संभाला। मंच से कांग्रेस नेताओं ने एक सुर में कहा कि जो अन्नदाता पूरे देश का पेट भरता है, आज वही अपने ही हक के खाद और बीज के लिए जलील होने को मजबूर है।

‘टोकन सिस्टम’ छलावा है, प्रशासन की नाकामी का शिकार हो रहा किसान
पेटलावद में आंदोलन को संबोधित करते हुए नेताओं ने क्षेत्र में चल रहे ‘टोकन सिस्टम’ की बखिया उधेड़ दी। वक्ताओं ने मंच से गरजते हुए कहा कि टोकन के नाम पर किसानों के साथ सिर्फ छलावा किया जा रहा है। अपना खेत और काम-काज छोड़कर किसान घंटों और कई दिनों तक लंबी लाइनों में खड़े रहते हैं, लेकिन आखिर में उन्हें खाली हाथ ही लौटना पड़ता है।
समय पर खाद-बीज न मिलने से किसानों की बुआई पिछड़ रही है और इसका सीधा असर उनकी आने वाली फसल और आजीविका पर पड़ रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन कागजों पर सब कुछ ठीक बता रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि सोसायटियों और वितरण केंद्रों पर भारी अव्यवस्था का आलम है।

अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन, दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
इस महा आंदोलन में किसानों की आवाज को मजबूत करने के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रांका, पेटलावद विधानसभा प्रभारी शैलेंद्र अठाणा, ब्लॉक अध्यक्ष सलीम भाई मौजूद रहे । यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष नटवर डोडियार,सोशल मीडिया विभाग के जिला अध्यक्ष वसीम सैय्यद और NSUI जिला अध्यक्ष नरवेशअमलियार सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं ने अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई।
महा आंदोलन के समापन पर कांग्रेस पदाधिकारियों और किसानों के हुजूम ने प्रशासनिक अधिकारियों को एक कड़ा ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि अगर जल्द ही खाद-बीज की किल्लत दूर कर वितरण व्यवस्था को सुधारा नहीं गया, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और भी उग्र रूप ले लेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ताजा और विस्तृत खबरों के लिए हमारी वेबसाइट पर जाएं: www.jhabuapost.com
‘झाबुआ पोस्ट’ (Jhabua Post) के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ें:
📲 WhatsApp चैनल: यहाँ क्लिक कर फॉलो करें
📘 Facebook पेज: यहाँ क्लिक कर लाइक करें
▶️ YouTube चैनल: यहाँ क्लिक कर सब्सक्राइब करें
🚨 आपके आस-पास भी है किसानों की समस्या, खाद-बीज की किल्लत या कोई खबर?
हमें सीधे WhatsApp पर भेजें: 👉 9407154083 पर मैसेज करने के लिए यहाँ क्लिक करें













