झाबुआ: जिले में अवैध शराब के कारोबार और माफियाओं के खिलाफ प्रशासन का डंडा लगातार चल रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार (04 जून 2026) को आबकारी विभाग की टीम ने पेटलावद विकासखंड के ग्राम रायपुरिया अंतर्गत तलावपाड़ा में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यहां एक मकान में छिपाकर रखी गई 13 पेटी अवैध विदेशी और देसी शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत 44 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
मुखबिर की सटीक सूचना पर पड़ा छापा
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग को अपने मुखबिर तंत्र से पक्की सूचना मिली थी कि ग्राम तलावपाड़ा (रायपुरिया) में अमरसिंह नाम के व्यक्ति ने अपने मकान में बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखी हुई है।
इस सूचना की तस्दीक करने के बाद आबकारी उपनिरीक्षक योगेश कुमार दामा की अगुवाई में टीम ने घेराबंदी करते हुए संबंधित मकान पर दबिश दी। जब मकान की सघन तलाशी ली गई, तो वहां से शराब बरामद हुआ हुई ।

153 लीटर शराब जब्त, 44 हजार से अधिक है कीमत
छापेमारी के दौरान आबकारी टीम ने मौके से निम्नलिखित अवैध मदिरा जब्त की:
- विदेशी मदिरा (लेमाउंट कैन बीयर): 12 पेटी
- देसी मदिरा (प्लेन): 01 पेटी
जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 13 पेटी (लगभग 153 बल्क लीटर) है। आबकारी विभाग के अनुसार, बाजार में इस अवैध शराब की अनुमानित कीमत लगभग 44,120/- रुपये है।
आरोपी पर केस दर्ज, तलाश जारी
आबकारी टीम की इस रेड की भनक लगते ही मकान मालिक और मुख्य आरोपी अमरसिंह पिता गलिया डामोर (निवासी तलावपाड़ा, रायपुरिया) मौके से फरार हो गया। आबकारी विभाग ने आरोपी अमरसिंह के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) और 34(2) के तहत गैर-जमानती प्रकरण दर्ज कर लिया है। विभाग अब फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रहा है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
अवैध शराब पर यह प्रहार जिले में चल रहे शराब विरोधी अभियान के तहत किया गया। इस पूरी कार्रवाई को आबकारी उपनिरीक्षक श्री योगेश कुमार दामा और उनकी टीम ने अंजाम दिया। छापेमार दल में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेमसिंह परमार, प्रधान आरक्षक कांतु डामोर, आबकारी आरक्षक कुंवरसिंह डावर, पंकज डोडियार और वाहन चालक दयाल मड़ोदिया की सक्रिय और महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विभागीय अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ इस तरह की ताबड़तोड़ कार्रवाइयां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।
ताजा और त्वरित अपडेट्स के लिए ‘झाबुआ पोस्ट’ (Jhabua Post) से जुड़ें:
📲 WhatsApp चैनल: यहाँ क्लिक कर फॉलो करें
📘 Facebook पेज: यहाँ क्लिक कर लाइक करें
▶️ YouTube चैनल: यहाँ क्लिक कर सब्सक्राइब करें
🚨 आपके आस-पास भी है कोई गतिविधि या सूचना
हमें सीधे WhatsApp पर भेजें: 👉 9407154083 पर मैसेज करने के लिए यहाँ क्लिक करें














